मंत्री प्रमोद भाया की सेवाओं को सराहा हर किसी ने भाया दम्पत्ति ने दी पदयात्रियों को भावभीनी विदाई

फिरोज खान

बारां (मातृभूमि न्यूज़)। भारत जोड़ो यात्रा आज राजस्थान प्रदेश के अलवर जिले में सम्पन्न होकर हरियाणा प्रदेश में पहुंची। राजस्थान प्रदेश में राहुल गांधी द्वारा 521 किलोमीटर यात्रा पूर्ण करते हुए आज हरियाणा प्रदेश में प्रवेश किया।

राज्य के खान एवं गोपालन मंत्री प्रमोद जैन भाया, उनकी धर्मपत्नि जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया द्वारा राजस्थान में यात्रा के अंतिम दिवस एवं विश्राम के दौरान यात्रियों से मुलाकात करते हुए उनकी कुशमक्षेम पूछी। यह सभी यात्रियों के लिए भावुक पल थे। मंत्री प्रमोद जैन भाया, उर्मिला जैन भाया द्वारा भारत यात्रियों को भावभीनी विदाई दी।

गौरतलब है कि राजस्थान में यह यात्रा गत 4 दिसम्बर से चल रही थी तथा मंत्री प्रमोद जैन भाया को कांग्रेस संगठन द्वारा सम्पूर्ण भारत जोडो यात्रा का खान-पान संबंधित व्यवस्थाओं का प्रभारी नियुक्त किया गया था। मंत्री प्रमोद जैन भाया द्वारा राजस्थान प्रदेश की परम्परा अतिथि देवो भवः का पूर्ण रूप से निर्वहन करते हुए पूरी निष्ठा एवं आतिथ्य भाव से भारत जोडो यात्रा में भाग लेने वाले प्रत्येक यात्री, कार्यकर्ता को बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाए जाने का पूर्ण प्रयास किया गया।

भाया दम्पत्ति ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य रहा कि हमें हजारों की संख्या में पधारे हुए अतिथियों के लिए भोजन व्यवस्था करने का अवसर प्राप्त हुआ। भारत जोडो यात्रा में कन्याकुमारी से राहुल गांधी के साथ पदयात्रा कर रहे भारतीय यात्रियों ने राजस्थान प्रदेश से विदाई के अवसर पर भाया दम्पत्ति द्वारा पदयात्रा के दौरान की गई बेहतर सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि भारत जोडो यात्रा को राजस्थान में भरपूर प्यार स्नेह मिला, जिसे वह जीवन भर नही भूला सकेंगे।

इस अवसर पर भाया दम्पत्ति ने उनको कांग्रेस संगठन द्वारा प्रदान की गई जिम्मेदारी में सहयोग करने वाले सभी जिम्मेदार साथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही वह इतने बडे दायित्व का निर्वहन कर सके। उन्होनें कहा कि यदि जाने-अनजाने में उनसे कोई भूल हुई हो, किसी को ठेस पहुंची हो तो इसके लिए क्षमाप्रार्थी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: