![](https://i0.wp.com/matrabhuminews.com/wp-content/uploads/2022/08/IMG-20220811-WA0260.jpg?fit=960%2C1280&ssl=1)
पुलिस मौके पर पहुंची
दुष्यंत सिंह गहलोत
कोटा (मातृभूमि न्यूज़)। कोटा में एक और फायरिंग की वारदात हुई है। बदमाशों ने अब कोटा के प्रसिद्ध खड़े गणेश मंदिर के पुजारी ओम सिंह के घर पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करने वाला बदमाश पुजारी को धमकाकर रुपए लेने आया था। वारदात जवाहर नगर थाना इलाके के दुर्गा बस्ती की है। मंदिर के पुजारी ओम सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात को वह मंदिर से घर पहुंचे थे। मिली जनकारी के अनुसार सुनील योगी नाम का बदमाश आया और बेल बजाई। पुजारी की पत्नी ने गेट में लगी विंडो खोलकर देखा और उससे आने का कारण पूछा तो बदमाश ने कहा कि वह फरारी काट रहा है और उसे रुपयों की जरूरत है। इस पर पुजारी ओम सिंह ने कहा कि रुपयों की जरूरत है तो वह अपने घर जाएं। उन्होंने रुपए देने से मना कर दिया। इस पर सुनील योगी ने धमकी दी कि वह घर पर फायरिंग कर देगा और किसी दूसरे व्यक्ति को मार कर भी पुजारी का नाम लगा देगा। ओम सिंह ने बताया कि आरोपी नशे में धुत था और गाली गलौज कर रहा था। उन्होंने उसे रुपए देने से मना कर दिया तो बदमाश वहां से चला गया और 3 मिनट बाद ही वापस आया और आते ही उसने दरवाजे पर गोली चला दी।
पुजारी ओम सिंह ने बताया कि उनकी बेटी दरवाजे के पास ही खड़ी थी, गोली उनकी बेटी के कान के बिल्कुल पास से गुजरी। इसके बाद बदमाश फरार हो गया। पुजारी के अनुसार वारदात में 2 लोग शामिल थे। सूचना मिलने पर रात ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुजारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।